योगेश तिवारी, ब्यूरो चीफ, बाराबंकी (यूपी), NIT:

राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में सुप्रीम कोर्ट के संभावित फैसले को देखते हुए कानून – व्यवस्था के मोर्चे पर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार बाराबंकी जनपद के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहा है। जिला प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में अलर्ट जारी कर रखा है।
इस दौरान क्षेत्र में अमन शान्ति बनाए रखें, सोशल मीडिया पर न तो अफवाह फैलाएं और न ही ऐसी अफवाहों पर ध्यान दें, यदि शिकायत मिलती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही यदि कोई शांति भंग करने की कोशिश करता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें, तत्काल ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ काईवाई की जाएगी, उक्त बातें उप जिलाधिकारी फतेहपुर पंकज सिंह ने संयुक्त रूप से थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के छेदा चौकी परिसर में आयोजित पीस कमेटी बैठक में कही। थाना अध्यक्ष मनोज शर्मा की अध्यक्षता एवं उपजिलाधिकारी पंकज सिंह व क्षेत्राधिकारी अरविंद कनौजिया की उपस्थिति में पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया जिसमें उपजिलाधिकारी व थाना अध्यक्ष ने संयुक्त रुप से कहा कि इसी माह अयोध्या विवाद को लेकर कोर्ट का फ़ैसला आने वाला है, निर्णय किसी भी पक्ष में आए सभी को कोर्ट के निर्णय को खुले दिल से स्वीकार करना चाहिए। इस निर्णय की आड़ में कुछ लोग शान्ति भंग की कोशिश कर सकते हैं हालांकि ऐसे अराजकतत्वों से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है। इसी दौरान क्षेत्राधिकारी अरविंद कनौजिया ने राम जन्मभूमि व बाबरी मस्जिद के फैसले को लेकर दोनों धर्मों के लोगों से शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की व कोर्ट के निर्णय को लेकर क्षेत्र में अमन शान्ति बनाए रखें। अराजकतत्वों की कोशिशों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्हाट्सएप, फेसबुक आदि सोशल मीडिया पर अफवाहें न तो स्वयं फैलाएं और न ही ऐसी अफवाहों का हिस्सा बने, यदि कोई झूठी खबर आप को मिलती है या कोई असमाजिक तत्व क्षेत्र में शान्ति भंग करने की कोशिश करता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर पूर्व प्रधान राम दुलारे मिश्र, डॉ उपेंद्र शुक्ला, मुन्नू, रिंकू वर्मा, बग्गा सिंह, दिनेश यादव, मुखमूल गद्दी आदि कई लोग मौजूद रहे।
