यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

जिले में वाहन चालकों से यातायात नियमों के पूर्ण रुप से पालन करवाने के लिए धौलपुर पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा IPS की सख्ती लगातार धौलपुर शहर में यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाली विशेषकर बिना हेल्मेट महिला वाहन चालकों के लिए विशेष तौर पर शहर के व्यस्ततम चौराहों गुलाबबाग, रानी पैलेस, कमल होटल, रोडवेज बस स्टैंड, सब्जी मण्डी, चूडी मार्केट व आरएसी के सामने पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही महिला पुलिसकर्मियों ने कॉलेजों की समाप्ति के समय वहां पहुँच कर वाहन चेकिंग की।
पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने बताया कि प्रायः देखने में आता है कि वाहन चेकिंग के समय पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं जिसके यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाली युवतियों व महिला वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही नहीं हो पाती थी और जब तक वाहन चालक महिलाएं भी यातायात नियमों का पालन नहीं करेगी तब तक सड़क सुरक्षा का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं हो सकेगा, इसी दिशा में आज पुरुषों के साथ महिलाओं को भी यातायात नियमों की पूर्ण पालना करवाने के लिए शहर के विभिन्न चौराहों पर पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया जिनके द्वारा वाहनों की कड़ी चेकिंग की गयी और इस दौरान उन्होंने मुख्य रूप से युवतियों और महिला वाहन चालकों के वाहनों को रोककर नियमों की अनदेखी करने पर महिला वाहन चालकों के चालान काटे।
