गुलजार अहमद, मैनपुरी ( यूपी ), NIT;
बच्चों के मामूली झगड़े को लेकर दबंगों ने गरीब दलित परिवार के घर पर धावा बोल दिया और जमकर फायरिंग की। घटना में एक महिला की मौके पर मौत हो गयी जबकि परिवार के तीन लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह घटना मैनपुरी जिला के थाना एलाऊ इलाके के रामनगर गांव की है, जहां दलित परिवार पर दबंगों ने कहर बरपाया। मिली जानकारी के अनुसार गांव के रहने वाले नाथूराम जाटव और पूरन सिंह यादव के छोटे बच्चे खेल रहे थे। उसी दौरान बच्चों में आपस में झगड़ा हो गया। बाद में दोनों घरों के लोगों में भी कहासुनी होने लगी। इसी बात को लेकर पूरन सिंह यादव ग्राम प्रधान के पुत्र मोनू यादव उर्फ बाबा को बुला लाया। आरोप है कि पूरन सिंह और मोनू यादव ने पहले जम कर शराब पी उसके बाद सोमवार देर रात को इन लोगों ने नाथूराम के घर जाकर फायरिंग कर दी। घटना में नाथूराम की पत्नी गिरजा देवी की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि नाथूराम और उनकी बहू व एक बच्चा घायल हो गया। सभी घायलों को इलाज के लिए सैफई भेजा गया है।
सीओ सिटी राजेश चौधरी ने मीडिया को बताया कि पुलिस टीम ने मौकेरपर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर शव को पोस्टमार्टम कराया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अभी दोनों आरोपी फरार हैं, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
