संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

ग्वालियर के मेयर विवेक शेजवलकर का नाम इस समय ग्वालियर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार की दौड़ में सबसे आगे चल रहा है।
ग्वालियर के वर्तमान सांसद केद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के सीट बदलने से अब भाजपाई टिकट पर संकट सा आ गया है। संघ के करीबी मेयर विवेक शेजवलकर अब टिकट की दौड़ में बाजी मारते नजर आ रहे है। वैसे पूर्व साडा चेयरमैन जय सिंह कुशवाह भी टिकट की दौड़ में हैं।
ज्ञात हो कि केन्द्रीय मंत्री नरेद्र सिंह तोमर एक बार फिर सीट बदलकर चुनाव लड़ रहे हैं। मुरैना से सांसदी करने के बाद ग्वालियर लौटे मंत्रीजी एक बार फिर मुरैना की ओर रूख कर गये हैं। इससे ग्वालियर में भाजपाई टिकट पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं, हालांकि हाईकमान ने पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया को टिकट का आफर दिया था लेकिन उन्होंने संगठन में काम करने की इच्छा जाहिर कर किनारा कर लिया है। अब एकमात्र नाम महापौर विवेक शेजवलकर का लगभग ग्वालियर से फाइनल हो गया है। बताया जा रहा है कि आज कल में जारी होने वाली लिस्ट में उनके नाम पर मुहर लग जायेगी। हालांकि अंतिम दौर तक जय सिंह कुशवाह भी टिकट के लिए जोर लगा रहे हैं। उन्होंने भोपाल से लेकर दिल्ली और नागपुर तक अपने संपर्कों को साधा है लेकिन संघ प्रमुख के करीबी मेयर विवेक साहब को टिकटी आर्शीवाद मिलना लगभग तय है।
