अबरार अहमद खान, भोपाल (मप्र), NIT:

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में जबलपुर जिले के श्री अश्विनी कुमार काछी के शहीद होने पर कहा है कि इस बहादुर नौजवान पर पूरे प्रदेश को गर्व है, शहादत बताती है कि हमारे प्रदेश के नौजवानों में देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने का साहस है, उनकी वीरता का ही परिणाम है कि दुश्मन कायराना हमले पर उतर आया है। शहीद श्री अश्विनी कुमार के परिवार को सलाम करता हूँ, जिन्होंने अपने वीर सपूत को देश की रक्षा के लिए सीमा पर भेजा। आतंकवाद का कोई भी स्वरूप प्रदेश और देश में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
श्री कमलनाथ ने कहा है कि आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और उसे समूल नष्ट करने के लिये कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है।
प्रदेश के जवान श्री अश्विनी कुमार काछी के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता दी जाएगी साथ ही साथ शहीद परिवार को एक नि:शुल्क आवास और नौकरी भी दी जाएगी।
