मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रदेश सरकार पहुंच रही है किसानों के द्वार | New India Times

अविनाश द्विवेदी/विजय भदौरिया, भिंड (मप्र), NIT:

मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रदेश सरकार पहुंच रही है किसानों के द्वार | New India Times

मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रदेश सरकार किसानों के द्वार पहुंच रही है। योजना के तहत किसानों के ऋण माफी फॉर्म भरवाने के लिए आज से गाँव-गाँव में प्रदेशव्यापी पंजीयन शिविर शुरू हुए। यहाँ भिण्ड में प्रदेश के सहकारिता, संसदीय कार्य एवं सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, क्षेत्रीय विधायक श्री संजीव सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामनारायण हिण्डोलिया, कलेक्टर श्री छोटेसिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अनूप कुमार सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कलावती मिहोलिया, जनपद अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला, जनप्रतिनिधि, अधिकारी/कर्मचारी एवं क्षेत्रीय शहरी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
इस अवसर पर मंत्री डॉ श्री गोविन्द सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी शिद्दत के साथ वचन-पत्र में किए गए वायदों को निभा रही है। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने शपथ लेते ही सबसे पहले फसल ऋण माफी की फाइल पर हस्ताक्षर किए। श्री सिंह ने कहा सरकार किसानों के 2 लाख तक के कृषि ऋण माफ करेगी। भले ही किसानों ने एक से अधिक बैकों से फसल के लिए कर्जा लिया हो। उन्होंने किसानों का पंजीयन कर रहे अमले को भी साफ तौर पर ताकीद किया कि कोई भी पात्र किसान योजना का लाभ लेने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
भिण्ड विधायक श्री संजीव कुशवाह ने इस अवसर पर फसल ऋण माफी योजना के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ को धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही उन्होंने पात्र व्यक्तियों से इस योजना का लाभ लेने को कहा है। उन्होंने सभी अधिकारी कर्मचारियों से अपना कार्य पूर्ण निष्ठा के साथ करने की बात भी कही। सांसद भिण्ड श्री भागीरथ प्रसाद ने भी प्रदेश सरकार की इस योजना के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ को बधाई दी।
कलेक्टर भिण्ड श्री छोटे सिंह द्वारा इस अवसर पर योजना की विस्तृत जानकारी उपस्थितिजनो को दी। साथ ही उन्होंने विस्तार से इस योजना में लाभ कैसे मिलेगा इससे भी किसानों को अवगत करवाया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.