अविनाश द्विवेदी, भिंड (मप्र), NIT:
भिंड जिले में नवरात्रि के अवसर पर पहली बार गरबा का आयोजन किया जा रहा है। इसका आयोजन विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा मिलकर किया जा रहा है। नवरात्रि के अवसर पर 16 और 17 अक्टूबर को भिंड जिले में गरबा खेला जाएगा। जिसमें लोगों ने बेहद रुचि दिखाते हुए अपने रजिस्ट्रेशन करवाए हैं। दरअसल गरबा महोत्सव की शुरुआत गुजरात से हुई और वहां पर बड़े पैमाने पर नवरात्रि के अवसर पर गरबा नृत्य का आयोजन किया जाता है। धीरे-धीरे गरबा नृत्य पूरे देश में यहां तक कि विदेशों में भी ख्याति पा रहा है। लेकिन छोटे शहरों से यह अभी भी अछूता था। अब भिंड जिले में भी पहली बार विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मिलकर गरबे का आयोजन कराने की पहल की है। इसमें केवल कपल्स और महिलाओं को एंट्री दी जाएगी। गरबा की प्रैक्टिस भी करवाई जा रही है जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं प्रैक्टिस में भाग ले रहीं हैं। पहली बार आयोजित किये जा रहे गरबा नृत्य को लेकर यहां के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
