सरवर खान ज़रीवाला, भोपाल, NIT;
भोपाल की लोकायुक्त पुलिस ने कृषि विपणन बोर्ड के एक अधिकारी को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
मिली जानकारी के अनुसार अधिकारी ने बोर्ड के एक ठेकेदार से ठेके का बिल पास करने के ऐवज में कुल 90 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। इस रिश्वत की 15 हजार रुपए की राशि, अधिकारी पहले ही वसूल चुका था। आज शुक्रवार को रिश्वत की दूसरी किश्त यानि 25 हजार रुपए लेते हुए अधिकारी लोकायुक्त के हाथों पकड़ा गया।
लोकायुक्त डीएसपी वीके सिंह ने इंडिया वन समाचार को बताया कि आज शुक्रवार दोपहर कृषि विपणन बोर्ड के एक्जिक्यूटिव इंजीनियर बीसी बांझल को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए अरेरा हिल्स स्थित कृषि विपणन बोर्ड कार्यालय के बाहर से पकड़ा गया।
डीएसपी वीके सिंह ने इंडिया वन समाचार को आगे बताया कि बीसी बांझल ने कृषि बोर्ड के एक ठेकेदार कैलाश परमार से 90 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। यह रिश्वत बागसेविनयां स्थित विद्या नगर में कैलाश परमार की रिनोवेशन साइट के 6 लाख 17 हजार रुपए का बिल पास कराने के ऐवज में मांगी गई थी। रिश्वत मांगने पर कैलाश परमार ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज करवाई थी।
डीएसपी वीके सिंह का कहना है कि इस रिश्वत की पहली किश्त यानि 15 हजार रुपए कैलाश परमार द्वारा बीसी बांझल को दी जा चुकी थी। आज शुक्रवार को रिश्वत की दूसरी किश्त यानि 500 रुपए के 40 नोट (25 हजार रुपए) बीसी बांझल को देने के लिए कैलाश, बोर्ड कार्यालय पहुंचा था। जैसे ही कैलाश ने रिश्वत की राशि बीसी बांझल के हाथों में दी, उसी समय लोकायुक्त पुलिस ने बीसी बांझल को रंगे हाथों पकड़ा।
डीएसपी वीके सिंह का कहना है कि बीसी बांजल के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
