अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल, NIT;
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता आरिफ मसूद के नेतृत्व में अलवर में हुई अकबर की हत्या के विरोध में मध्य विधानसभा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर बड़ी संख्या में बुधवारा, चार बत्ती चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया।
इस मौके पर आरिफ मसूद ने कहा कि आज पूरे देश में गौरक्षक दल और कुछ संगठनों द्वारा गौरक्षा के नाम पर बेगुनाह लोगों की हत्या की जा रही हैं, यह चिंता का विषय है। केंद्र में बैठी हुई भारतीय जनता पार्टी की सरकार और मोदी जी यह कहते हैं सबका साथ सबका विकास उनका यह नारा खोखला साबित हो रहा है। आज देश में खौफ का वातावरण पैदा किया जा रहा है।मॉब लिंचिंग के मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़ी टिप्पणी करते हुए केंद्र और राज्य सरकारों को 4 सप्ताह का समय दिया है और केंद्र सरकार को निर्देशित किया गया है कि ऐसे भीड़तंत्र द्वारा की जा रही हत्याओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाया जाए, उसके बाद भी इस प्रकार की घटनाएं देश में हो रही हैं जो कि चिंता का विषय है। आगे आरिफ मसूद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जो कानून बनाया जाए उसमें पूरे भीड़तंत्र पर हत्या का प्रकरण दर्ज हो और मृतक के परिवार को 10 लाख का मुआवजा दिया जाये। बेगुनाह लोगों की हत्या करने वालों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट के तहत कार्यवाही की जाये और हत्या करने वालों को फांसी की सजा दी जाये। जिस थाना क्षेत्र में घटना घटित हो उस क्षेत्र के थाना प्रभारी पर निलंबन की कार्रवाई की जाये जिससे कि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
इससे पूर्व भी राजस्थान के अलवर में पहलू खान की हत्या गौरक्षा के नाम पर की गई थी।
उसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओ द्वारा महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन एसडीएम महोदय को दिया गया।
