जितेंद्र वर्मा, हरदा ( मप्र ), NIT;
हरदा जिले के ग्राम गोदड़ी में 6 दिवसीय रंगमंच कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 15 फरवरी से 20 फरवरी तक रात्रि 8 बजे से आयोजित किया जाएगा। जिसमें गांव के ही श्रीराधाकृष्ण संगीत एवं ड्रामा मंडल ग्राम गोदड़ी के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। विगत 26 वर्ष पहले ग्राम गोदड़ी में नाटक मंडली के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में जागरूकता को लेकर कार्य किये जाते थे, जो वर्तमान में विलुप्त हो चुके हैं। बुजुर्गों की इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ही यह आयोजन किया जा रहा है।
जानकारी देते हुए आयोजन समिति के सदस्य अधिवक्ता एवं समाजसेवी शांतिकुमार जैसानी ने बताया कि आयोजन के प्रथम दिन बुधवार को कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र के समीप दीप प्रज्जवलित कर सरस्वती वंदना कर की गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि करताना चौकी प्रभारी कंचन ठाकुर ने माँ सरस्वती का पूजन कर फीता काटा इस दौरान नीरज तिवारी एवं नानकराम कुशवाह उपस्थित थे।इस दौरान सभी अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया गया।वहीं कलाकारों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कलाकारों ने पहले दिन सत्यवान सावित्री का नाटक मंचन प्रस्तुत किया।
नाटक में सत्यवान- शंकर कनेरे, सावित्री-जगदीश गोमतीवाले,राजा -गोविन्द कनेरे,रानी-मोहनलाल सांखला,राजाधुमकसेन-महेंद्र गुहा,शैव्यारानी -रायसिंग, सहली-शंकरलाल खेड़ावाले,यमराज-अर्जुनसिंह के किरदार निभाए।कलाकारों ने मंचन करते हुए बताया कि सती सावित्री ने अपना पति धर्म निभाते हुए यमराज से लड़कर किस प्रकार अपने पति सत्यवान के प्राण बचाकर जीवित किया। कार्यक्रम में जोकर का किरदार निभाकर रामसिंह ने दर्शकों को खूब हंसाया वहीं सिवनी से पधारे शुभम यादव ने लड़की बनकर बहुत ही शानदार डांस प्रस्तुति पर दर्शक भी झूम उठे ।रंगारंग कार्यक्रम को सभी ने खूब सराहा और सभी किरदार निभाने वाले कलाकारों की जमकर प्रशंसा की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
