अविनाश द्विवेदी/पूजा यादव,सागर (मप्र), NIT;
कलेक्टर श्री आलोक कुमार सिंह ने किसानों को उपार्जन केन्द्रों पर अपनी फसल बेचने के समय किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह निर्देश कलेक्टर श्री सिंह ने मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित भण्डारण गोदाम गौरझामर, कृषि उपज मण्डी समिति देवरी, रहली, गढ़ाकोटा एवं शाहपुर में सोमवार को निरीक्षण के दौरान दिये। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सत्येन्द्र कुमार शुक्ला, एसडीएम श्री आर.एम. त्रिपाठी, वरिष्ठ महाप्रबंधक कॉपरेटिव श्री एस.के. कनोजिया, सहकारी केन्द्रीय बैंक अध्यक्ष श्री राजेन्द्र जारोलिया प्रभारी मण्डी सचिव श्री राजेश ठाकुर उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने किसानों से चर्चा की एवं उनकी समस्यायें पूछी। उन्होंने चना, मसूर एवं सरसों का विक्रय करने वाले किसानों की पेयजल व्यवस्था, मण्डी परिसर में बैठक व्यवस्था का सूक्ष्म जायजा लिया। उन्होंने खरीदी केन्द्रों पर बारदानों की स्थिति, छपाई, सिलाई, धागा, ग्रेडिंग मशीन, छन्नों एवं मशीन पर तुलाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया।
कलेक्टर श्री सिंह ने एफ.ए.क्यू. ग्रेड स्पेशीफीकेशन के तहत चना, मसूर एवं सरसों की फसल का भण्डारण स्थल पर जाकर व्यवस्थायें देखी। इसके अलावा किसानों से चर्चा करते हुये पूछा कि मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना, भावांतर भुगतान योजना एवं सूखा राहत राशि का वितरण प्राप्त हुआ है या नहीं। पंजीकृत किसानों की संख्या एवं आपरेटर द्वारा उन्हें भेजे गए एसएमएस की भी जानकारी ली।
खरीदी केन्द्रों पर फसलों के सेंपल की जांच करने वाले सर्वेयर को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिये पुलिस अधीक्षक श्री सत्येन्द्र कुमार शुक्ला द्वारा मण्डी परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई है। कलेक्टर श्री सिंह ने पुलिस बल को निर्देश दिये कि खरीदी के समय सर्वेयर के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता न हो। निरीक्षण में उन्होंने बारदानों को तौलकांटों पर रखकर वास्तविक एवं मानक वजन भी देखा। पंजीकृत किसानों में किसी किसान का फर्जी खाता न हो इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश श्री सिंह ने मण्डी अधिकारियों, कर्मचारियों को दिये।
कृषि उपज मण्डी में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने किसानों को समझाईश देते हुये कहा कि जिन किसानों के संयुक्त खाते है वे आपसी सहमति से लिखित में आवेदन तहसीलदार के पास जमा कर सकते है। जिससे कि शासन द्वारा प्रदान की जा रही राशि का भुगतान किसानों को किया जा सके। खरीदी केन्द्रों पर किसान अपनी फसल घर से ही साफ कर लायें जिससे कि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े एवं सहूलियत से किसान अपनी उपज विक्रय कर सके। आपरेटरों को निर्देश देते हुये कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि वे समय सीमा के भीतर किसानों को जानकारी प्रदान करे जिससे किसान समय रहते खरीदी केन्द्रों पर आ सके।
