इमरान खान, मुक्ताईनगर/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सम्मान निधि की राशि हस्तांतरित की गई। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सिद्धार्थनगर के कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. आंबेडकर सभागार में किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सभागार में मौजूद किसानों और जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना तथा योजना के तहत किसानों के बैंक खातों में धनराशि हस्तांतरित किए जाने की प्रक्रिया को देखा। इस दौरान जनपद के हजारों पात्र किसानों के खातों में भी सम्मान निधि की राशि पहुंची, जिससे किसानों में खुशी का माहौल रहा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र किसान तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री, ई-केवाईसी अथवा अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी पात्र किसान की किस्त न रुके। ऐसी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी रवि शंकर पाण्डेय, जिला उद्यान अधिकारी विमलकांत सहित कृषि विभाग के अधिकारी, प्रगतिशील किसान एवं योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।

