संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

डॉ. भगवत सहाय शासकीय महाविद्यालय, ग्वालियर में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत संचालित English & Soft Skill Training Programme का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 सितंबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति आत्मविश्वास विकसित करना, संवाद कौशल एवं व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना तथा रोजगार के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशलों का विकास करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीना श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री नरेंद्र भदौरिया, डायरेक्टर, समीक्षा इंस्टीट्यूट रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विजय गंभीर एवं डॉ. जे. पी. सिंह उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में श्री प्रदीप वर्मा, सुश्री समीक्षा भदौरिया एवं सुश्री सृष्टि भदौरिया ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अंग्रेजी भाषा में संवाद करने की क्षमता, आत्मविश्वास, प्रभावशाली व्यक्तित्व एवं सॉफ्ट स्किल्स का होना भी अत्यंत आवश्यक है।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा में संवाद, व्यक्तित्व विकास, प्रभावशाली अभिव्यक्ति एवं व्यावसायिक जीवन में उपयोगी सॉफ्ट स्किल्स से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने अपने अनुभव एवं फीडबैक साझा किए। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण से उनके आत्मविश्वास एवं संवाद कौशल में सकारात्मक सुधार हुआ है।
इस अवसर पर प्रशिक्षण के लिए पंजीकृत सभी विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन महाविद्यालय के विद्यार्थियों अमन गोस्वामी एवं निकिता राजपूत ने किया। अंत में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की टीपीओ एवं प्रभारी डॉ. ज्योति शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

