जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

सर्दी के मौसम और त्योहारों के दौरान बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए सीएमएचओ भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने मंगलवार को क्षेत्रीय श्वसन रोग संस्थान और हमीदिया अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल अधीक्षक से चर्चा की। चर्चा के बाद हमीदिया अस्पताल में भी श्वास एवं छाती संबंधी रोगों के लिए प्रतिदिन ओपीडी संचालित करने पर सहमति बनी।
त्योहारों के दौरान प्रदूषण का स्तर बढ़ने से श्वास एवं छाती संबंधी रोगों की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए हमीदिया अस्पताल में भी श्वास एवं छाती रोग ओपीडी शुरू की जा रही है। यहां गांधी मेडिकल कॉलेज के पल्मोनरी विभाग की देखरेख में विशेषज्ञ चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर निर्धारित कर मरीजों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
भ्रमण के दौरान सीएमएचओ ने हमीदिया अस्पताल की बर्न यूनिट में उपलब्ध सेवाओं का भी निरीक्षण किया। इस यूनिट में त्योहारों के दौरान पटाखों से जलने के गंभीर मामलों के उपचार के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में जलने और श्वसन संबंधी मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका को देखते हुए जिले के अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।

