मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सोमवार को जलालाबाद क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम कसारी का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर बाढ़ की स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा और जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री के समक्ष संपर्क मार्ग की सुरक्षा तथा बाढ़ से बचाव के लिए बांध निर्माण की मांग रखी। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को संपर्क मार्ग की सुरक्षा के लिए दोनों ओर दीवार निर्माण की कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद ग्राम कसारी को बाढ़ से बचाने के लिए बांध निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य आवश्यक राहत सामग्री समय से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जनहानि, पशुहानि और फसल क्षति का सर्वे कराकर प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।
इसके बाद प्रभारी मंत्री ने कोला स्थित विद्यालय में बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत राशन किट वितरित की। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उनके मकान रहने योग्य नहीं बचे हैं। मंत्री ने अधिकारियों को ऐसे परिवारों के रहने की उचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने बताया कि जलालाबाद तहसील के 19 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावित क्षेत्रों में चार बाढ़ शरणालय संचालित किए जा रहे हैं। निगरानी के लिए 13 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं, जबकि राहत एवं बचाव कार्य के लिए 30 नाव और 10 मोटर बोट उपलब्ध हैं। अब तक 1,688 लोगों और 276 पशुओं का उपचार किया जा चुका है तथा 1,263 पशुओं का टीकाकरण कराया गया है। प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न पैकेट, तिरपाल, ओआरएस और क्लोरीन टैबलेट सहित आवश्यक राहत सामग्री वितरित की जा रही है।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री को जिले में बाढ़ की मौजूदा स्थिति तथा प्रशासन की ओर से संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरतमंद परिवारों तक समय से सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

