मो. मुजम्मिल, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवेगांव पुलिस ने ग्राम कटकुही के पास टेकड़ी पर चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 10 आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से नकदी, ताश के पत्ते, तिरपाल और पांच मोटरसाइकिल सहित कुल 3 लाख 3 हजार 100 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डे के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जुन्नारदेव सोनम पाटिल के मार्गदर्शन में नवेगांव पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर जुआ फड़ की सूचना जुटाई। 14 सितंबर 2026 को ग्राम कटकुही के पास टेकड़ी पर दबिश दी गई। पुलिस को देखते ही कई जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमकार पिता जेठू भन्नारे (21), निवासी पनारा, राकेश पिता शनिलाल उड़के (22), निवासी कटकुही और मन्नू पिता शनिलाल वरकडे (30), निवासी आवरिया, थाना नवेगांव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मौके से 3,100 रुपये नकद, ताश के पत्ते, एक तिरपाल और पांच मोटरसाइकिल जब्त की गईं। जब्त वाहनों में होंडा साइन क्रमांक MP28ZK1678, सुजुकी MP28ZE0995, एचएफ डीलक्स MP28NB6062, बिना नंबर की होंडा एसपी-125 तथा बिना नंबर की बजाज मोटरसाइकिल शामिल हैं।
मामले में थाना नवेगांव में अपराध क्रमांक 200/2026, धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों राहुल महेलवंशी, ललित यादववंशी, कन्हैया भन्नारे, मोहनलाल आम्रवंशी, रज्जू नागवंशी, सन्नी उड़के, राधे आरसे, गुड्डू, टानिक और कमलेश आम्रवंशी की तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजन उईके, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश सैयाम, प्रधान आरक्षक शारदा, आरक्षक अरुण यादव, रुमन सिंह, सलाउद्दीन शेख और वीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

