पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

अमझेरा पुलिस ने लूट एवं चोरी की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की मोटरसाइकिल, चांदी का कड़ा और 2,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने तीन वारदातों में कुल 1,05,150 रुपये की राशि चोरी एवं लूट करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को सीताराम पिता बाबूलाल पाटीदार, निवासी लबरावदा ने थाना अमझेरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी राजाराम पाटीदार के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक MP11ZL6930 से ग्राम ग्वालमगरी से लबरावदा लौट रहा था। इसी दौरान ग्वालमगरी गौशाला रोड के पास चार अज्ञात बदमाशों ने रास्ता रोककर दोनों से मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, 120 रुपये नकद और चांदी का कड़ा लूट लिया था। मामले में थाना अमझेरा में अपराध क्रमांक 124/2026, धारा 309(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की। सूचना के आधार पर पुलिस ने सचिन उर्फ चच्चु पिता सुरेश कोली (27), निवासी कोलीकुआ, दीपक उर्फ दिपु पिता सोहन सिंगार (22), निवासी इन्द्रा कॉलोनी अमझेरा और रंगा पिता भंगा उर्फ भगवानसिंह खराड़ी (34), निवासी इन्द्रा कॉलोनी अमझेरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी करण पिता राजेन्द्र गोसर, निवासी मनावर चौराहा अमझेरा के साथ मिलकर लूट की वारदात करना स्वीकार किया। साथ ही उन्होंने दो अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता कबूल की।
पुलिस के मुताबिक, पहली चोरी की वारदात में ग्राम नयापुरा में LNT फाइनेंस कंपनी की कर्मचारी सपना पति अरविन्द साकरिया की स्कूटी की डिक्की से 3 जून 2026 को बायोमेट्रिक डिवाइस मशीन और 47,150 रुपये चोरी किए गए थे। इस मामले में अपराध क्रमांक 198/2026, धारा 303(2) बीएनएस दर्ज है।
दूसरी वारदात में 5 जुलाई 2026 को ग्राम कैली में LNT फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी रवि लंववशी की मोटरसाइकिल पर रखे झोले से 58,000 रुपये चोरी किए गए थे। इस मामले में अपराध क्रमांक 248/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी और लूट की रकम आपस में बांटकर खर्च कर दी गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एसपी साइन मोटरसाइकिल क्रमांक MP11ZL6930, एक चांदी का कड़ा और 2,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। फरार आरोपी करण गोसर की तलाश जारी है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमझेरा निरीक्षक राजू मकवाना के नेतृत्व में उनि दिलीप खाण्डे, उनि प्रमोद चौहान, सउनि दिवाकरसिंह बैस सहित पुलिस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

