जुन्नारदेव में एक महीने में ही उखड़ी डामर सड़क: घटिया निर्माण की खुली पोल, गिट्टी और बजरी आई बाहर | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर किस तरह सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है, इसकी बानगी जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत खापा स्वामी के जीएम ऑफिस स्थित रेलवे गेट के पास देखने को मिली है। यहां रेलवे ठेकेदार द्वारा बनाई गई डामर सड़क महज एक महीने के भीतर ही पूरी तरह जर्जर हो गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं और डामर उखड़ने से गिट्टी व बजरी बाहर निकल आई है, जिससे स्थानीय रहवासियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

महज 30 मीटर की सड़क एक माह भी नहीं टिक पाई

मिली जानकारी के अनुसार, जीएम ऑफिस के पास रेलवे गेट पर रेलवे ठेकेदार द्वारा लगभग 30 मीटर लंबी डामर सड़क का निर्माण करीब एक महीने पहले ही करवाया गया था। निर्माण कार्य की गुणवत्ता इतनी खराब थी कि यह सड़क एक महीना भी नहीं टिक सकी। चंद हफ्तों में ही सड़क से कोलतार उखड़ गया और हर तरफ गड्ढों का जाल बिछ गया है।

घटिया सामग्री और लापरवाही का आरोप

स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में तय मानकों की अनदेखी की गई और बेहद निम्न स्तर की सामग्री (घटिया डामर और कम मात्रा में कोलतार) का इस्तेमाल किया गया। यही कारण है कि पहली ही बारिश और मामूली आवाजाही का भार भी यह सड़क सहन नहीं कर पाई और सड़क की सतह उधड़ गई।

रेलवे अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

ग्रामीणों और वाहन चालकों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि रेलवे प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों की पर्याप्त देखरेख के बिना ही मनमाने तरीके से काम कराया गया। जनता ने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की जाए, निर्माण कार्य में बरती गई अनियमितताओं के लिए संबंधित ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाए और जल्द से जल्द सड़क की दोबारा गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए, ताकि हादसों से बचा जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.