शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:
नगर पंचायत पीपीगंज के वार्ड नंबर-2 हनुमत नगर साहबगंज स्थित खलिहान की जमीन (आराजी संख्या 1627) की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के अनुपालन में प्रशासनिक टीम द्वारा पैमाइश कराई गई। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। इससे लंबे समय से खलिहान की जमीन की पैमाइश की मांग कर रहे लोगों को राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, खलिहान की जमीन की पैमाइश को लेकर सभासद एडवोकेट रामानंद दाढ़ी वाले लगातार प्रयासरत थे। उनकी पहल के बाद मुख्यमंत्री के आदेश पर कैंपियरगंज के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आलोक रंजन सिंह ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर पैमाइश कराने की व्यवस्था की।
प्रशासनिक टीम में लेखपाल शुभम तिवारी, लेखपाल रत्नेश मिश्रा तथा कानूनगो अरविंद यादव शामिल रहे। अधिकारियों ने सभासद एडवोकेट रामानंद दाढ़ी वाले एवं स्थानीय ग्रामीणों विक्रांत सिंह, रामू चौधरी, मेवा चौधरी सहित सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर आराजी संख्या 1627 स्थित खलिहान की जमीन की पैमाइश की।
पैमाइश की कार्रवाई के दौरान ग्रामीण भी मौजूद रहे। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग की जमीनों का सही सीमांकन होना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो और सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
वहीं, सभासद एडवोकेट रामानंद दाढ़ी वाले ने प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सार्वजनिक एवं सरकारी जमीनों को सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री के आदेश पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई किया जाना सराहनीय है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई को स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सक्रियता और सभासद की लगातार पहल का परिणाम माना जा रहा है।

