राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
सागर जिला के बंडा क्षेत्र में हुए जहरीली शराब कांड के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा मामले में चिन्हित मुख्य आरोपियों की कथित अवैध संपत्तियों और अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रशासन के अनुसार, खुफिया इनपुट और राजस्व विभाग के रिकॉर्ड के आधार पर संबंधित संपत्तियों को चिन्हित किया गया है। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो आपसी समन्वय के साथ अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर रही हैं।
पांच स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

प्रशासनिक कार्रवाई के तहत बंडा क्षेत्र में कुल पांच अलग-अलग स्थानों पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इनमें जहरीली शराब कांड से जुड़े मुख्य आरोपी बताए जा रहे चंद्रभान राजपूत, मनीष लोधी और आशीष साहू की संपत्तियां शामिल हैं। प्रशासन द्वारा इनसे संबंधित मकानों, गोदामों और कथित अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य शराब कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

