मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

पुवायां तहसील क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण हुए हादसों में जान गंवाने वाले मृतकों के आश्रितों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। क्षेत्रीय विधायक और उपजिलाधिकारी पुवायां ने पीड़ित परिवारों को दैवीय आपदा राहत निधि से 4-4 लाख रुपये के सहायता चेक वितरित किए।
ग्राम मुड़िया कुर्मियात में भारी बारिश के चलते मकान का लेंटर गिरने से दो लोगों की मौत हो गई थी। विधायक चेतराम और एसडीएम ने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये, कुल 8 लाख रुपए के राहत चेक सौंपे।
इसी तरह ग्राम जठियापुर बुजुर्ग में अतिवृष्टि के कारण जान गंवाने वाले गंगाराम पुत्र जयराखन के विधिक वारिसों को भी शासन के निर्देश पर 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक दिया गया।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक चेतराम ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उपजिलाधिकारी ने कहा कि दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार बिना विलंब सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
चेक वितरण के दौरान राजस्व कर्मी, ग्राम प्रधान और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

