विवेक जैन, ब्यूरो चीफ, बागपत (यूपी), NIT:

नशामुक्त बागपत के संकल्प को साकार करने के लिए केटी विंग ने ‘बागपत क्रिएटर्स लीग सीजन-1’ की शुरुआत की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू की गई यह मुहिम 20 अगस्त से 25 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए तीन नशा मुक्ति रथ भी जनपद में भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
बागपत नगर के वात्सायन पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में केटी विंग के संस्थापक केटी भईया ने अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपार क्षमता है। आज के दौर में रील युवाओं के बीच लोकप्रिय माध्यम है, इसलिए सोशल मीडिया की इसी रचनात्मक शक्ति को नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान से जोड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ प्रभावी और बेहतर रील बनाने वाले प्रतिभागियों को कुल 10 लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। शेष पुरस्कार राशि निर्धारित नियमों के अनुसार 198 प्रतिभागियों को उनकी रील की श्रेष्ठता के आधार पर प्रदान की जाएगी। इसके अलावा रील बनाने वाले 500 प्रतिभागियों को भी निर्धारित नियमों के तहत पुरस्कार दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को नशे के खिलाफ रील बनाकर उसे फेसबुक या इंस्टाग्राम पर अपलोड करना होगा। इसके बाद रील का लिंक केटी विंग के व्हाट्सऐप नंबर 9811704267 पर भेजना होगा।
अभियान को लेकर जनपद के युवाओं और सोशल मीडिया क्रिएटर्स में उत्साह देखने को मिल रहा है। केटी भईया ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उपयोग समाज को नशामुक्त बनाने के लिए करें और इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दें। उन्होंने कहा कि अभियान का संदेश स्पष्ट है—“जो नशे के लिए बुलाए, उससे दूरी बनाए।”

