राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
खुरई के बीना रोड स्थित होली फैमिली कॉन्वेंट स्कूल में शुक्रवार रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता स्कूल परिसर के बाहर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रबंधन पर कुछ लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ पांच थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। प्रदर्शनकारी संगठनों का आरोप था कि स्कूल के अंदर कुछ लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। इसी आरोप को लेकर कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को स्कूल परिसर से बाहर कर मुख्य गेट बंद कर दिया। इसके बाद भी प्रदर्शनकारी गेट के बाहर नारेबाजी करते रहे।
मौके पर बीना एसडीओपी अजय कुमार सनकत, खुरई देहात थाना प्रभारी संतोष सिंह दांगी, खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी, बीना थाना प्रभारी अनूप यादव और खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल सहित बांदरी का पुलिस बल बड़ी संख्या में पहुंच गया।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

