मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
व्हाट्सएप पर आए एक अज्ञात APK फाइल के कारण मोबाइल हैक होने और बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार बनने से एक युवक और उसके दर्जनों परिचित बाल-बाल बच गए। जुन्नारदेव पुलिस की त्वरित कार्रवाई और युवक की सूझबूझ से न केवल मोबाइल को सुरक्षित किया गया, बल्कि उसके व्हाट्सएप ग्रुप और कॉन्टैक्ट्स से जुड़े अन्य लोगों को भी संभावित साइबर ठगी से बचाया गया।
PM आवास योजना के नाम से भेजी गई फर्जी APK फाइल
जानकारी के अनुसार, ग्राम केवलारी, चौकी अंबाड़ा निवासी योगेंद्र सरेयाम (22), पिता मानक लाल सरेयाम के व्हाट्सएप पर 8 अगस्त की शाम ‘PM Awas Yojna’ के नाम से एक APK फाइल भेजी गई। युवक ने जैसे ही फाइल पर क्लिक कर उसे डाउनलोड किया, उसके मोबाइल और व्हाट्सएप अकाउंट में संदिग्ध गतिविधियां शुरू हो गईं। इसके बाद साइबर ठगों ने युवक के व्हाट्सएप कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप्स में भी वही फर्जी APK फाइल भेजकर अन्य लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास किया।
थाने पहुंचते ही पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
मोबाइल में संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर योगेंद्र ने समझदारी दिखाते हुए तत्काल थाना जुन्नारदेव पहुंचकर उपनिरीक्षक मुकेश डोंगरे को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल मोबाइल की जांच की और संदिग्ध APK फाइल को हटाकर व्हाट्सएप अकाउंट को सुरक्षित करने की कार्रवाई की।
पुलिस ने जारी की साइबर सुरक्षा एडवाइजरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जुन्नारदेव पुलिस ने आम नागरिकों से साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की है।
– अज्ञात APK फाइल डाउनलोड न करें: व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर किसी अज्ञात नंबर या स्रोत से आई “.apk” फाइल पर क्लिक या उसे डाउनलोड न करें।
– लुभावने नामों से भेजी जा रही फाइलों से सावधान रहें: साइबर ठग शादी के कार्ड, RTO चालान, PM किसान सम्मान निधि, PM आवास योजना, राशन कार्ड और अन्य सरकारी योजनाओं के नाम पर फर्जी लिंक या APK फाइल भेज सकते हैं।
– साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत करें: यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है या उसका मोबाइल/अकाउंट हैक होने का संदेह है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या संदिग्ध मैसेज को बिना जांचे खोलने से बचें और ऐसी गतिविधि सामने आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

