तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:
दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और अपनों के साथ स्नेह व अपनत्व का उत्सव मनाने का अवसर है। इसी मानवीय भावना की एक खूबसूरत तस्वीर रायसेन में देखने को मिली, जब कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया एसडीएम मनीष शर्मा के साथ महात्मा गांधी वृद्धाश्रम पहुंचे और वहां निवासरत बुजुर्गों के बीच दीपावली की खुशियां साझा कीं।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने वृद्धजनों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने बुजुर्गों को फल, मिठाई, शॉल, श्रीफल, दीपक सहित अन्य उपहार भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान कलेक्टर ने केवल औपचारिक मुलाकात तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि स्वयं अपने हाथों से बुजुर्गों को भोजन परोसा और उन्हें भोजन कराया।
कलेक्टर की इस आत्मीय पहल से वृद्धाश्रम का माहौल खुशियों से सराबोर हो गया। आश्रम परिसर को दीपों से रोशन किया गया। बुजुर्गों ने भी कलेक्टर के साथ पटाखे जलाकर दीपावली का उत्सव मनाया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिसोनिया ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव और आशीर्वाद हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। बुजुर्गों को सम्मान, स्नेह और अपनत्व देना हम सभी का दायित्व है। त्योहारों पर उनके बीच पहुंचकर खुशियां बांटना और उन्हें अकेलेपन का अहसास न होने देना ही सच्ची सेवा है।
कलेक्टर की इस पहल ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली खुशी केवल अपने घरों को रोशन करने में नहीं, बल्कि उन चेहरों पर मुस्कान लाने में भी है, जिन्हें अपनों के साथ और स्नेह की सबसे अधिक जरूरत है।
इस दौरान सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

