रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

थांदला अभिभाषक संघ की वर्ष 2026-27 के लिए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर न्यायालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। वरिष्ठ अभिभाषकों, न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायालयीन स्टाफ ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।

तुषार भट्ट अध्यक्ष, निलेश जैन सचिव
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में अधिवक्ता तुषार यशवंत भट्ट अध्यक्ष तथा निलेश जैन सचिव चुने गए हैं। चुन्नीलाल अमलियार एवं निशार शैरानी को उपाध्यक्ष, प्रकाश गणावा एवं संजय पंजल को सहसचिव, चंदा धामन को कोषाध्यक्ष, रजत कावड़िया को सह-कोषाध्यक्ष तथा नन्दकिशोर शर्मा को लाइब्रेरियन का दायित्व सौंपा गया है।

कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में कविता बोथरा, दिनेश बैरागी, अन्द्रयास मैदा, रादुसिंह डामोर, श्रीमंत अरोड़ा, मोहन वसुनिया एवं धर्मेन्द्र देवल को शामिल किया गया है।
वरिष्ठ अभिभाषकों ने पुष्पमाला पहनाकर दी बधाई
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को थांदला बार के वरिष्ठ अभिभाषक जितेन्द्र जैन, अरुण गादिया, सलीम खान, सलीम शैरानी, सलीम कादरी, संजय निनामा एवं मनोज चौहान ने पुष्पमाला पहनाकर बधाई दी। उन्होंने नवनिर्वाचित टीम से अधिवक्ताओं के हितों के साथ-साथ न्यायिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर सिविल जज (सीनियर डिवीजन), सिविल जज (जूनियर डिवीजन), एडीपीओ (ADPO) सहित न्यायालयीन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने भी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
लाइब्रेरी से लेकर न्यायालय परिसर के विस्तार तक होंगे प्राथमिकता के कार्य
नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुषार यशवंत भट्ट एवं सचिव निलेश जैन ने वरिष्ठ अभिभाषकों, सहयोगियों, न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायालयीन स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बार और बेंच के बीच मधुर एवं समन्वयपूर्ण संबंध बनाए रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के साथ लाइब्रेरी रूम का निर्माण, न्यायालय परिसर का विस्तार तथा पक्षकारों के लिए शेड और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करवाने के लिए प्राथमिकता से प्रयास किए जाएंगे।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि पूरी कार्यकारिणी के सहयोग से अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने के साथ न्यायालय में आने वाले पक्षकारों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

