ओमप्रकाश सोनी, अनूपपुर, (मप्र), NIT:
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पुष्पराजगढ़ के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी मंगला दुबे के नेतृत्व में चौकी सरई पुलिस द्वारा अवैध हथियारों की धरपकड़ एवं क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 01 अगस्त 2026 को हमराह स्टाफ प्रधान आरक्षक 74 रामप्रसाद सिंह मरावी एवं आरक्षक 376 अनुराग सिंह कस्बा भ्रमण पर थे। इसी दौरान मुखबिर से विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है तथा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मंगला दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संतोष सिंह गोंड, पिता रायसेन सिंह गोंड, उम्र 40 वर्ष, निवासी छोटी तुम्मी, थाना पाली, जिला उमरिया बताया।
आरोपी की विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लोहे का एक अवैध धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी हथियार रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने मौके पर ही चाकू जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध चौकी सरई में अपराध क्रमांक 0/26 के तहत धारा 25(बी) आर्म्स एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। चूंकि अपराध जमानती प्रकृति का था, इसलिए आरोपी को धारा 35 बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर नियमानुसार रिहा किया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी मंगला दुबे के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रामप्रसाद सिंह मरावी एवं आरक्षक अनुराग सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

