फसल मुआवजा और जनसमस्याओं को लेकर महाराजपुर में गरजे हर्ष यादव, 20 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा | New India Times

त्रिवेंद्र जाट, महाराजपुर/सागर (मप्र), NIT:

फसल मुआवजा और जनसमस्याओं को लेकर महाराजपुर में गरजे हर्ष यादव, 20 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा | New India Times

किसानों की फसल क्षति का सर्वे कराकर मुआवजा एवं फसल बीमा की राशि दिलाने, खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशीले पदार्थों पर रोक लगाने सहित क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर गुरुवार को महाराजपुर के हाट बाजार प्रांगण में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। धरने का नेतृत्व पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने किया। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण सागर के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह मोहासा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
धरने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार देवरी को 20 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों, युवाओं, ग्रामीणों और महाराजपुर क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि अतिवृष्टि और मौसम की मार से देवरी विधानसभा क्षेत्र में उड़द, मक्का, सोयाबीन सहित अन्य फसलों को नुकसान हुआ है। किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए फसलों का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा और फसल बीमा की राशि दिलाई जाए। उन्होंने डीएपी और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।
ज्ञापन में बंडा विधानसभा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में मृतकों की संख्या और संबंधित तथ्यों को सार्वजनिक करने, लापरवाही अथवा मिलीभगत पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा तथा मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई। देवरी विधानसभा क्षेत्र में अवैध जुआ-सट्टा, शराब, ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग भी रखी गई।
महाराजपुर के विकास से जुड़े मुद्दों में नगर पंचायत एवं उपतहसील का दर्जा देने, लहसुन उपमंडी, महाविद्यालय और कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की स्वीकृति, इंडोर हॉल एवं आधुनिक जिम की व्यवस्था तथा किसानों की सुविधा के लिए डबल लॉक केंद्र स्थापित करने की मांग शामिल रही।
रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व से जुड़े ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर झमारा, रमखिरिया, अर्जुन्दा और पुटदेही सहित अन्य गांवों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। विस्थापित ग्रामीणों के नए निवास स्थलों पर बीपीएल, संबल, मतदाता सूची, बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा टाइगर रिजर्व का मुख्य गेट देवरी विधानसभा क्षेत्र के सिलकुही बैरियर पर बनाने की मांग भी ज्ञापन में की गई।
इसके अलावा निरंदपुर एवं मुडेरी जलाशयों के अधूरे निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत लखा नाला और दोना जलाशय का निर्माण शुरू कराने की मांग की गई। विभिन्न जर्जर सड़कों के निर्माण और महाराजपुर-झमारा मार्ग पर शोल्डर निर्माण की मांग भी उठाई गई।
हर्ष यादव ने क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आमजन को परेशानी हो रही है। बिजली कटौती बंद करने और जले हुए ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने की मांग की गई। टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बिजली सुविधा से वंचित ग्रामीणों को मिट्टी का तेल उपलब्ध कराने तथा झमारा में करीब दो वर्ष पूर्व स्थापित बीएसएनएल टावर को शीघ्र चालू कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
हर्ष यादव ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस लगातार जनता के बीच रहकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से ज्ञापन में शामिल मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की। साथ ही कहा कि समस्याओं का समयसीमा में समाधान नहीं होने पर क्षेत्रीय नागरिकों के साथ गांधीवादी तरीके से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण सागर अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह मोहासा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी अध्यक्ष आशीष बाबा राजौरिया, महाराजपुर उपब्लॉक अध्यक्ष अमित सिंरवैया, गौरझामर उपब्लॉक अध्यक्ष जानकी लोधी सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान, महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.