रहीम शेरानी हिंदुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

गवली मोहल्ले में मन्नतों के राजा ग्रुप द्वारा आयोजित गणेश उत्सव के तीसरे दिन उद्योगपति एवं कृष्णा फास्ट केम के प्रबंधक अनिल दुबे ने भगवान श्री गणेश की 51 दीपकों से महाआरती की। इससे पूर्व समिति के सदस्यों ने अनिल दुबे, श्रीकांत देशपांडे और आकाश बैरागी का ढोल-ताशों की थाप के बीच फूलमालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया।
महाआरती के अवसर पर आचार्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अतिथियों से विधिवत पूजन-अर्चन कराया गया। समिति द्वारा प्रतिदिन भगवान गणेश का विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। कृष्ण स्वरूप में विराजित विशाल गणेश प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। रात 9 बजे होने वाली महाआरती में बच्चों, युवाओं और भक्तों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिल रही है।
आरती के बाद महाप्रसादी के जजमान नीलेश रामचंद्र पड़ियार का भी समिति द्वारा फूलमालाओं से स्वागत किया गया। अतिथियों ने कृष्ण स्वरूप में विराजित भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन कर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर अनिल दुबे ने समिति द्वारा किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी धार्मिक आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
समिति ने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन रात 9 बजे होने वाली महाआरती में शामिल होने का आग्रह किया है। आने वाले भक्तों के लिए महाप्रसादी एवं नाश्ते की व्यवस्था भी समिति द्वारा की जा रही है।

