शाहजहांपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, डीएम ने अभिभावकों से बेटियों का टीकाकरण कराने की अपील | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से जनपद में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, घूरन तलैया में फीता काटकर किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष की आयु पूर्ण न करने वाली सभी पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि जनपद में अब तक 8,032 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पहले यह वैक्सीन केवल निजी अस्पतालों में उपलब्ध थी, लेकिन अब जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

टीकाकरण अभियान में डॉ. रोशनी सक्सेना, एएनएम सलोनी मिश्रा, एएनएम ममता देवी एवं एएनएम नेहा शुक्ला ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.पी. श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद आसिफ तथा डब्ल्यूएचओ की प्रतिनिधि डॉ. आकांक्षा यादव सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.