24 घंटे की बारिश से भुसावल बेहाल: सड़कें बनीं नदी, कई कॉलोनियां जलमग्न | New India Times

इमरान खान, जलगांव/भुसावल (महाराष्ट्र), NT:

New India Times

शहर में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मोहम्मद अली रोड, अली रजा कॉलोनी, जिया कॉलोनी, आयान कॉलोनी, अता-ए-ख्वाजा मस्जिद परिसर तथा हलीमा मस्जिद परिसर में भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

विशेष रूप से गैलेक्सी होटल के पास से कॉलोनी क्षेत्र की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई है, जहां नदी जैसा दृश्य देखने को मिल रहा है। सड़क पर जलभराव होने से नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए यह मार्ग जोखिमभरा बन गया है, जबकि चारपहिया वाहन चालकों को भी पानी के बीच से गुजरने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

वहीं, मोहम्मद अली रोड क्षेत्र के नालों में बड़ी मात्रा में कचरा जमा होने के कारण बारिश के पानी की निकासी बाधित हो रही है। इसके चलते पानी सड़कों के साथ-साथ रिहायशी इलाकों में भी भर गया है।

लगातार 24 घंटे से हो रही बारिश के कारण शहर की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। कई इलाकों में जलभराव के बावजूद पानी की निकासी के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नालों की तत्काल सफाई कर जलभराव की समस्या दूर करने तथा नागरिकों को शीघ्र राहत देने की मांग की है। साथ ही, भविष्य में हर बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली इस समस्या से स्थायी समाधान के लिए प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.