मूंग खरीदी केंद्र में अनियमितताओं के आरोप, किसानों से प्रति क्विंटल ₹200–300 की अवैध वसूली की शिकायत | New India Times

त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

मूंग खरीदी केंद्र में अनियमितताओं के आरोप, किसानों से प्रति क्विंटल ₹200–300 की अवैध वसूली की शिकायत | New India Times

देवरी विधानसभा क्षेत्र के देवरी-केसली में संचालित मूंग खरीदी केंद्रों पर किसानों से अवैध वसूली और अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। किसानों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों को जानकारी होने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

केसली ब्लॉक की सेवा सहकारी समिति थावरी द्वारा संचालित मूंग खरीदी केंद्र, जो ऊषा वेयरहाउस, मुआर खास में संचालित हो रहा है, वहां किसानों ने गंभीर अनियमितताओं की शिकायत की है। किसानों का आरोप है कि खरीदी केंद्र पर उनसे प्रति क्विंटल ₹200 से ₹300 तक की अवैध वसूली की जा रही है।

किसानों का यह भी कहना है कि केंद्र पर मानक के विपरीत गुणवत्ता वाली मूंग की खरीदी की जा रही है तथा दलाल और व्यापारी सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि कुछ स्थानों पर मिट्टी और कचरे से मिश्रित मूंग भी खरीदी जा रही है, जिससे सरकारी खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र पर अनियमितताओं की जानकारी होने के बावजूद संबंधित अधिकारी न तो निरीक्षण कर रहे हैं और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई कर रहे हैं। इससे अधिकारियों और केंद्र प्रबंधन की मिलीभगत होने की आशंका भी जताई जा रही है।

किसानों का कहना है कि यदि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह शासन के नियमों के अनुसार हो रही है, तो किसी भी प्रकार की अतिरिक्त राशि लेना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि समाचार प्रकाशित होने के बाद देवरी-केसली एवं जिला स्तर के अधिकारी इन आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हैं या फिर पूरे मामले को नजरअंदाज किया जाता है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.