निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

इटवा विकास खंड के ग्राम पंचायत सिकरी (बेलहसा) में नाली निर्माण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि परशुराम के घर से तालाब तक नाली निर्माण के लिए सरकारी धन का भुगतान कर दिया गया, लेकिन आज तक नाली का निर्माण नहीं कराया गया। ग्राम पंचायत की कैश बुक के अनुसार, 5 फरवरी 2026 को इस कार्य के लिए ₹54,441 का भुगतान किया गया था।
गांव के एक निवासी ने 8 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि पुरानी नाली को तोड़ दिया गया, जिससे बरसात का पानी लोगों के घरों में भर रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि नाली निर्माण के नाम पर धनराशि निकाल ली गई, लेकिन आज तक कार्य शुरू नहीं हुआ। इसके बजाय नाली पर मिट्टी डालकर रास्ता बना दिया गया, जिससे जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश भी दिए थे, लेकिन आदेश के बावजूद अब तक न तो जांच पूरी हुई और न ही किसी जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि नाली निर्माण के लिए खर्च की गई ₹54,441 की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अधूरी नाली का तत्काल निर्माण कराया जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित ग्राम प्रधान एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

