अम्बेडकरनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश, 11 शातिर चोर गिरफ़्तार | New India Times

गणेश मौर्या, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

जनपद में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली अकबरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरजनपदीय संगठित टप्पेबाज एवं चोर गिरोह के 11 शातिर सदस्यों (6 पुरुष एवं 5 महिला अभियुक्तों) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹47,100 की चोरी की नकदी तथा भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अकबरपुर संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव, उपनिरीक्षक राकेश खरवार एवं पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान तहसील तिराहा के पास मुखबिर से सूचना मिली कि शिवबाबा मंदिर परिसर के निकट कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी के माल और नकदी के बंटवारे की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक शैलेन्द्र चौधरी, उपनिरीक्षक प्रियांशू भट्ट तथा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मंदिर परिसर की घेराबंदी की और दबिश देकर 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर अंतरजनपदीय स्तर पर टप्पेबाजी और चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी के बाद प्राप्त नकदी और जेवरात को आपस में बांटकर वे अलग-अलग जिलों में नई घटनाओं को अंजाम देने निकल जाते थे।

इस गिरोह की गिरफ्तारी से अम्बेडकरनगर जनपद के अकबरपुर, जलालपुर, कटका, महरुआ, मालीपुर और अहिरौली थानों के साथ-साथ गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में दर्ज कुल 11 लंबित आपराधिक मुकदमों का सफल अनावरण हुआ है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में कुंदन मल्हार (जमुई, बिहार), किशन मल्हार, सोहिल कुमार मल्हार, पंकज कुमार मल्हार, भीम मल्हार, चरखी देवी उर्फ विभा और कंचन देवी (सभी हजारीबाग, झारखंड), शिवा मल्हार (सतना, मध्य प्रदेश), तथा घंघरी देवी, अंजू देवी और जिह्वा देवी (सभी गिरिडीह, झारखंड) शामिल हैं।

पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.