राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
देवरी नगर में असहाय और जरूरतमंद लोगों की सहायता के उद्देश्य से बुजुर्ग समाजसेवियों एवं रिटायर्ड कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेते हुए ‘मारुति नंदन सेवा समिति’ का गठन किया गया।
रविवार को प्रदीप नेमा के निवास पर आयोजित इस बैठक में समाजसेवियों, नागरिकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में समिति के कार्यों के विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई। आगामी दिनों में पौधारोपण कार्यक्रम, गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग, जरूरतमंदों के इलाज में सहायता तथा गरीबों तक हर संभव मदद पहुंचाने जैसे विषयों पर सहमति बनी।
समिति के सदस्य उमाशंकर तिवारी ने बताया कि ‘मारुति नंदन सेवा समिति’ पिछले कई वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब स्कूली बच्चों को ठंड के मौसम में स्वेटर वितरित करती आ रही है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य जरूरतमंदों की निरंतर सहायता करना है और इसमें सदस्यों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अशोक नेमा, बी.एल. स्वामी, बलराम कटारे, अटल शुक्ला, प्रदीप जोशी (एडवोकेट), डी.पी. रिछारिया, हीरालाल दुबे, दीपक चौरसिया, अभितेंद्र डब्बी मिश्रा, संजय जैन, छगन नेमा, मयंक व्यास सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

