राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

मंगलवार को देवरी में आयोजित जनसुनवाई केंद्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पीड़ित ग्रामीण ने कथित रूप से आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। ग्राम डामरा निवासी हरिशंकर विश्वकर्मा अपनी पत्नी रामवती के साथ शिकायत लेकर पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वे लंबे समय से राजस्व विभाग के अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित दंपति ने कलेक्टर के समक्ष अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनकी निजी भूमि से जुड़े विवाद में गांव के कुछ दबंग लोग शौचालय निर्माण में बाधा डाल रहे हैं और रास्ता भी बंद कर दिया गया है। इस कारण उनका परिवार खुले में शौच करने को मजबूर है।

आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे परेशान होकर हरिशंकर विश्वकर्मा जनसुनवाई में ज्वलनशील पदार्थ लेकर पहुंचा और खुद पर डालने का प्रयास किया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। तत्काल हस्तक्षेप करते हुए अधिकारियों ने उसे समझाइश दी और समस्या के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।
पीड़ित का कहना है कि कलेक्टर द्वारा 5 दिन में समाधान का भरोसा दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई, तो वह अगली जनसुनवाई में आत्मदाह करने जैसा कठोर कदम उठा सकता है।

