वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
विकासखंड लखीमपुर सदर क्षेत्र की ग्राम पंचायत झसिया में सड़क की बदहाली से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। जलमग्न और जर्जर मुख्य मार्ग की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क के बीचों-बीच धान की फसल रोप दी और वहीं धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों के इस प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर विधायक योगेश वर्मा ने तत्काल हस्तक्षेप किया। उनके निर्देश पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) संदीप कुमार अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि गांव का मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है तथा जगह-जगह जलभराव होने से ग्रामीणों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
धरने पर बैठे ग्रामीणों के बीच पहुंचे बीडीओ संदीप कुमार ने उन्हें समझाकर शांत कराया। उन्होंने मौके पर ही ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अगले दिन से सड़क पर राबिश (मलबे) की पटाई का कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। साथ ही, अगले दो दिनों के भीतर पूरे मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी के त्वरित आश्वासन और सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की घोषणा के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन पर भरोसा जताते हुए अपना धरना स्थगित कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि वे लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे थे, लेकिन अब विधायक के हस्तक्षेप और प्रशासन के आश्वासन के बाद उन्हें जल्द समाधान की उम्मीद है।
मौके पर पहुंचे खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार ने संबंधित अधिकारियों को बदहाल सड़क की मरम्मत एवं निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।

