मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल का दर्जा दिलाने की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से लगातार उठाई जा रही है। पूर्व में भी इस मांग को क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, समाजसेवी संगठनों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा प्रमुखता से उठाया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सिविल अस्पताल में उन्नयन अत्यंत आवश्यक है। यदि जुन्नारदेव में सिविल अस्पताल स्थापित होता है, तो क्षेत्र के लोगों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा और गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
इस संबंध में कन्हान बचाओ मंच द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के आधार पर जिले के सांसद विवेक बंटी साहू ने भी स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर जुन्नारदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल का दर्जा देने की मांग की थी। हालांकि, अब तक इस संबंध में कोई सार्थक परिणाम सामने नहीं आया है।
क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि आदिवासी अंचल की स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जुन्नारदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को शीघ्र सिविल अस्पताल का दर्जा प्रदान किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

