अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:
बृज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति (रजि.), उत्तर प्रदेश द्वारा वर्षा ऋतु के महावृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत क्लेंसी इंटरमीडिएट कॉलेज, मथुरा में वृक्षारोपण के साथ यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने बताया कि समिति के महावृक्षारोपण अभियान को अब यातायात पुलिस, मथुरा का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं तथा यातायात जाम जैसी समस्याओं को कम करने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में टीएसआई हीरेंद्र कुमार यादव ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात संकेतों का सम्मान करने की अपील की।
कॉलेज के प्रधानाचार्य संदीप एस. पीटर्स ने बृज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति तथा यातायात पुलिस का कॉलेज परिसर में जागरूकता शिविर आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने सहयोग के लिए प्रधानाचार्य संदीप एस. पीटर्स को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र (दुपट्टा) भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन मनीष दयाल ने किया। इस अवसर पर हर्ष सैनी, पवन कुमार, नवीन, अरविन्द एवं संजीव गोपाल सहित अनेक लोगों ने सहयोग प्रदान किया।

