मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर नगर के समग्र, संतुलित एवं जनकेंद्रित विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, भाजपा, कांग्रेस, निर्दलीय सहित सभी दलों के पार्षदों तथा नगर निगम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ वार्डवार विकास समीक्षा एवं संवाद बैठक आयोजित की। बैठक में नगर के प्रत्येक वार्ड की समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर का विकास सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का साझा संकल्प है। नगरहित सर्वोपरि है और सभी के सहयोग एवं समन्वय से प्रत्येक वार्ड की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा तथा सभी वार्डों को समान प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं को विस्तार से रखा। जलभराव, पेयजल आपूर्ति, ड्रेनेज व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, आंगनवाड़ी भवन, बीपीएल कार्ड सत्यापन, कचरा संग्रहण, विद्युत व्यवस्था और यातायात जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक समस्या का वार्डवार सर्वेक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जलप्रदाय योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में पर्याप्त दबाव से पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां तत्काल तकनीकी सुधार किए जाएं। लंबित नल कनेक्शन शीघ्र दिए जाएं तथा जहां पाइपलाइन का कार्य अधूरा है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए घर-घर कचरा संग्रहण प्रणाली में सुधार, कचरा वाहनों का निर्धारित समय तय करने, बाजार क्षेत्रों से नियमित कचरा उठाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही हाथ ठेला कचरा गाड़ियों की व्यवस्था को भी मजबूत करने पर जोर दिया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी भवनों से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान तथा बीपीएल कार्ड सत्यापन में आ रही कठिनाइयों को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को लेकर विधायक ने शहर में सुचारु यातायात सुनिश्चित करने, बीएसएनएल के अनुपयोगी टेलीफोन पोल हटाने, क्षतिग्रस्त विद्युत पोल बदलने तथा बिजली के तारों और पोलों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बताया कि बुरहानपुर में लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प योजना, सड़क मरम्मत योजना एवं मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि अनेक कार्य प्रगति पर हैं।
पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि ‘प्लास्टिक मुक्त बुरहानपुर अभियान’ के तहत प्रत्येक घर में दो-दो कपड़े की थैलियां वितरित की जाएंगी। साथ ही अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनके संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाएगा।
महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने इस सर्वदलीय विकास संवाद की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की बैठकों से सभी जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने वार्डों की समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखने का अवसर मिलता है। उन्होंने विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस द्वारा पूर्व में कराए गए विकास कार्यों और समस्याओं के निराकरण की भी सराहना की।
बैठक में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि संवाद आधारित कार्यशैली से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है तथा विकास कार्यों को नई गति मिली है।
बैठक में नगर निगमाध्यक्ष श्रीमती अनिता अमर यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, एसडीएम श्रीमती पल्लवी पौराणिक, नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, सभी दलों के पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों के सहयोग से बुरहानपुर को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आदर्श नगर बनाने का संकल्प मिलकर पूरा किया जाएगा।

