ओमप्रकाश सोनी, अनूपपुर, (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से ऑपरेशन सेफ क्लिक 2.0 अभियान 24 जून 2026 से 8 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी श्री नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से बचाव के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी अभियान के तहत मंगलवार को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अनूपपुर के लगभग 500 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की सहभागिता से कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने एक विशाल साइबर जागरूकता रैली का आयोजन किया।
रैली में थाना प्रभारी (टीआई) अरविंद जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक गोविंद पनिका, आरक्षक प्रकाश तिवारी, अमित यादव एवं अर्जुन भदौरिया सहित पुलिस टीम ने भाग लिया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य आर.के. बाधवा, शिक्षक शिवनिवास तिवारी, रमाकांत द्विवेदी, प्रशांत पांडेय, कैलाश लाढ़िया, तबस्सुम, श्वेता, अर्चना मिश्रा, प्रियंका सिंह एवं हेतराम साहू भी रैली में शामिल रहे।
रैली शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से प्रारंभ होकर शंकर मंदिर तिराहा, अमरकंटक तिराहा होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची। लगभग दो किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा संबंधी फ्लेक्स और तख्तियां हाथ में लेकर लोगों को जागरूक किया।
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने इन नारों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश दिया—
• अंजान लिंक पर क्लिक नहीं, साइबर ठगी को मौका नहीं।
• साइबर सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी।
• मजबूत पासवर्ड अपनाएं, साइबर हमलों को दूर भगाएं।
• ओटीपी, पिन और पासवर्ड साझा किया तो मिलेगा दर्द।
• लालच में न आएं, साइबर ठगी से खुद को बचाएं।
• अजनबी कॉल और फर्जी संदेशों से रहें सावधान।
• रुकें, सोचें, सत्यापित करें, फिर क्लिक करें।
• जल्दबाजी न करें, हर ऑनलाइन लेन-देन में समझदारी बरतें।
• सेफ क्लिक अपनाएं, अपनी कमाई बचाएं।
• सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित भविष्य।
रैली के समापन पर कोतवाली पुलिस ने छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों से साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

