मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में अधिकारियों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए 25 जुलाई तक यात्रा मार्ग से जुड़े सभी कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को कांवड़ मार्ग पर ढीले तारों को दुरुस्त करने, खुले ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित कराने तथा विद्युत पोलों पर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अल्लागंज, जलालाबाद, कांट, बरेली मोड़, हथौड़ा और जरियनपुर में कांवड़ शिविर स्थापित कर श्रद्धालुओं के बैठने, विश्राम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और भजन-कीर्तन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
नगर निकायों को निर्देशित किया गया कि यात्रा मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर कूड़े का तत्काल निस्तारण कराया जाए तथा तुलसी के पौधारोपण के साथ श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक 7 से 8 किलोमीटर पर रैन बसेरा, शौचालय, स्नानघर और चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी अनिवार्य करने को कहा गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के मद्देनजर आयुर्वेदिक और एलोपैथिक चिकित्सा शिविर स्थापित करने, आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखने तथा प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए। यात्रा मार्ग पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं प्रसारित करने और धार्मिक वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने सख्ती बरतते हुए यात्रा मार्ग पर संचालित सभी खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कराने, दुकानदारों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य करने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग को सड़क किनारे पेड़ों की छंटाई कर मार्ग को बाधारहित बनाने तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

