शाहजहांपुर के शहीद उद्यान का होगा कायाकल्प, हर शनिवार आयोजित होंगी सांस्कृतिक संध्याएं | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

शहीद उद्यान को अधिक आकर्षक, सुरक्षित और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित वीसी सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शहीद उद्यान समिति की बैठक में उद्यान के जीर्णोद्धार, रखरखाव और गांधी भवन के संचालन से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने उद्यान में लगे जर्जर झूलों को तत्काल बदलने, खराब लाइटों की मरम्मत कराने, बंद पड़े फाउंटेन को शीघ्र चालू कराने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही उद्यान का समय-समय पर निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने शहीद उद्यान को सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने पर जोर देते हुए प्रत्येक शनिवार शाम 6 बजे नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय कलाकारों को मंच मिल सके और शहरवासियों को बेहतर सांस्कृतिक वातावरण उपलब्ध हो।

बैठक में गांधी भवन के संचालन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। भवन की विद्युत व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए एक इलेक्ट्रीशियन की नियुक्ति की जाएगी, जिसे ₹5,000 प्रतिमाह मानदेय तथा प्रत्येक कार्यक्रम पर ₹500 अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा।

गांधी भवन प्रेक्षागृह की बुकिंग के लिए नए शुल्क भी निर्धारित किए गए हैं। सामान्य कार्यक्रमों के लिए बिना एसी ₹9,000 तथा एसी सहित ₹12,000, जबकि अन्य कार्यक्रमों के लिए बिना एसी ₹12,000 और एसी सहित ₹15,000 शुल्क तय किया गया है। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए ₹3,000 की सुरक्षा राशि (सिक्योरिटी) जमा कराना भी अनिवार्य होगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित शुल्क जमा किए बिना गांधी भवन में किसी भी कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, संबंधित अधिकारी तथा शहीद उद्यान समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.