मोहम्मद सिराज, ब्यूरो चीफ, पांढुर्णा (मप्र), NIT:

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पतंजलि योग पीठ पांढुर्णा के तत्वावधान में श्री संत जगनाडे महाराज सांस्कृतिक सभागृह में भव्य योग महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर भारत स्वाभिमान न्यास, पतंजलि योग समिति, पतंजलि महिला योग समिति, किसान सेवा समिति और भारत युवा संगठन के जिला प्रभारियों की उपस्थिति रही। साथ ही तेली समाज जिला अध्यक्ष भूषण केवटे एवं महिला अध्यक्ष देविका भांगे सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। लगभग 115 साधकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में राम शांति विद्या मंदिर की कक्षा 7 की छात्रा कु. रिद्धि सुले, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग स्पर्धा में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है, ने उत्कृष्ट योग प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया।
इसी क्रम में पिपला नारायणवार स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में योग गुरु रमेशसिंह हसेंगर द्वारा 55 साधकों को योगाभ्यास कराया गया। वहीं गायत्री शक्ति पीठ पांढुर्णा में योगीराज वानोडे के मार्गदर्शन में योग सत्र आयोजित हुआ।
जगनाडे सभागृह में कार्यक्रम का संचालन योग शिक्षक राधेश्याम पराणी ने किया, जबकि योगाभ्यास जिला प्रभारी रविन्द्र कुर्वे के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान नंदा घाटोडे, छाया सांबारे, भारती सुले, देविका भांगे, गोरेलाल साहू, नत्थू फरकसे, ज्ञानेश्वर केवटे और सोनिराम शिरसागर ने योग से प्राप्त लाभ एवं अपने अनुभव साझा किए।

