मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुरहानपुर पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे ने मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताज़िया जुलूस मार्गों एवं ताज़िया विसर्जन घाटों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्गों की स्थिति, संवेदनशील स्थानों, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि ताज़िया मार्गों पर आने वाली सभी बाधाओं को समय रहते हटाया जाए। साथ ही जुलूस मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की गई। अधिकारियों ने विसर्जन घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा घेरा, गोताखोरों की उपलब्धता, आपातकालीन सहायता दल तथा मेडिकल सहायता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोहर्रम के दौरान सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। ताज़िया जुलूस मार्गों की सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने कहा कि बुरहानपुर पुलिस मोहर्रम पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि नागरिक निर्भय होकर धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर सकें।
निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल, थाना प्रभारी कोतवाली श्रीमती नीता देयरवाल, थाना प्रभारी यातायात श्री राजेश बारवाल, थाना प्रभारी गणपति नाका श्री सुरेश महाले, थाना प्रभारी शिकारपुरा श्री संदीप चौरसिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

