मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
जिला महिला कांग्रेस कमेटी ने राज्यसभा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के विरोध में नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और बाद में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
बुरहानपुर पहुंचीं महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी द्वारा निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि नटराजन के विरुद्ध ऐसा कोई अंतिम न्यायिक निर्णय या विधिक प्रतिबंध नहीं था, जिससे उनके निर्वाचन लड़ने के अधिकार पर रोक लगाई जा सके। जिस आधार पर नामांकन निरस्त किया गया, उसकी विधिक वैधता की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।
नारेबाजी कर किया पुतला दहन
गुरुवार दोपहर 12 बजे नेहरू प्रतिमा के पास एकत्रित होकर जिला कांग्रेस और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। नगर निगम अध्यक्ष अनीता अमर यादव ने कहा कि भाजपा एक ओर महिला सशक्तिकरण की बात करती है, जबकि दूसरी ओर कांग्रेस की महिला प्रत्याशी के खिलाफ षड्यंत्र रचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया
जिला ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती लांडे ने कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है, क्योंकि एक प्रमुख प्रत्याशी को पर्याप्त विधिक प्रक्रिया के बिना चुनावी मैदान से बाहर कर दिया गया। उन्होंने राष्ट्रपति से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और वैधानिकता की समीक्षा कराने की मांग की।
इस दौरान शांति बालेश्वर, रिंकु टॉक, अनीता अमर यादव, योजना देवड़ा, आरती लांडे, सरिता राजेश भगत, संगीता पंडित, मीनाक्षी महाजन, कांता कासडे, मीना सरवाडे, अर्चना चितारे, गौरी दिनेश शर्मा, बबीता वास्केले, अनीता पंडित, आशा पंडित, निर्मला जावड़ेकर, कुसुम महाजन, हाजी वाजिद इकबाल, अजय सिंह रघुवंशी, इंद्रसेन देशमुख, अकिल ओलिया, आसिफ भाई, हमीद उल्ला खान डायमंड, जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला, अजय बालापुरकर, दीपक जंगाले, आशीष भगत, वसीम बक्श, इमरान भाई, रफीक मंसूरी, राजेश भगत, साजिद अंसारी, अरुण जोशी महाराज, असलम खान, प्रमोद जैन, शहजाद नूर, युवराज पान पाटिल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

