आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ, भिंड (मप्र), NIT:

“रक्तदान महादान है। यदि हम किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में सहयोग कर पाते हैं तो इससे बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता। सभी रक्तदाताओं को बधाई, जो इस पुनीत अभियान का हिस्सा हैं। रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है।” यह बात कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने जिला अस्पताल सभागार में नवजीवन सहायतार्थ संगठन द्वारा आयोजित रक्तदान सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। समारोह में पिछले एक वर्ष में स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले लगभग 55 रक्तवीरों एवं रक्तवीरांगनाओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर मीणा ने कहा कि नवजीवन सहायतार्थ संगठन लंबे समय से रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता कर मानवता की मिसाल पेश कर रहा है। ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा भावना मजबूत होती है और युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरणा मिलती है।
सिविल सर्जन डॉ. आर.एन. राजौरिया ने कहा कि संस्था न केवल रक्तदान के क्षेत्र में बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में भी निरंतर योगदान दे रही है। वहीं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने संस्था के कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
संस्था संयोजिका श्रीमती नीतेश जैन ने जानकारी दी कि संगठन अब तक 3,000 से अधिक यूनिट रक्त जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचा चुका है। अध्यक्षता कर रहे सिविल सर्जन ने कहा कि एक यूनिट रक्तदान से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए सभी स्वस्थ व्यक्तियों को नियमित रक्तदान करना चाहिए।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह, संगठन संरक्षक आलोक दैपुरिया सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। संचालन गणेश भारद्वाज ने किया तथा अंत में अध्यक्ष पिंकू शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

