रफीक़ आलम, दमुआ/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका दमुआ में 12 जून से 14 जून तक आयोजित जनकल्याण शिविर का आज सफल समापन हुआ। शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुँचाना रहा।
शिविर के दौरान नगर पालिका एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के आवेदन प्राप्त किए गए। पीएम स्ट्रीट वेंडर योजना के तहत छोटे व्यापारियों के लोन प्रकरण, पेंशन योजना, संबल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन जैसे विषयों से संबंधित आवेदनों पर कार्यवाही की गई। इस शिविर में कुल 519 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।

शिविर के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती किरण खातरकर, उपाध्यक्ष सुरेश बबुआ कश्यप एवं सभापति सहित पार्षदगण समय-समय पर उपस्थित रहे और अपने-अपने वार्ड के हितग्राहियों को लाभ दिलाने हेतु प्रयासरत दिखाई दिए।
नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अजय ठाकरे ने पूरे तीन दिनों तक शिविर की सतत मॉनिटरिंग की। अंतिम दिवस पर जिला शिविर नोडल अधिकारी शैलेंद्र सिंह एवं विनोद प्रसाद प्रस्ते तथा दमुआ शिविर नोडल अधिकारी उपयंत्री के.सी. चौहान ने पत्रकारों को शिविर की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
शिविर को जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

