अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
भोपाल रेलवे स्टेशन पर उस वक़्त हड़कंप मच गया जब एक 2 वर्षीय मासूम का अपहरण कर लिया गया। बताया जा रहा है कि जीआरपी थाना प्रभारी ज़हीर खान की टीम ने सैकड़ों CCTV फुटेज खंगालकर महज़ 08 घंटे में ही सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, 26 मई को सीतू यादव निवासी जिला कटनी अपने पति के साथ मजदूरी की तलाश में भोपाल आई थीं। उनका पति मजदूरी के लिए चला गया, जबकि वे अपने 02 वर्षीय पुत्र के साथ भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 स्थित नई भवन के मुसाफिरखाने के सामने बैठी थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बच्चे को गोद में खिलाने के बहाने अपने साथ लेकर चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी भोपाल ने तत्काल प्रकरण पंजीबद्ध कर रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म परीक्षण किया। जांच के दौरान फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बालक को गोद में लेकर रेलवे स्टेशन परिसर से बाहर जाते हुए तथा इटारसी दिशा की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार होता दिखाई दिया। पुलिस टीमों ने तकनीकी विश्लेषण एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसका पीछा किया। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप आरोपी को ट्रेन क्रमांक 12621 तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच से उतरते समय घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपहृत बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसे उसके परिजनों के सुपुर्द किया। बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने जीआरपी भोपाल का आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर सिद्ध किया है कि मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों की सुरक्षा एवं विशेषकर बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

