मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

थाना सदर बाजार पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में दो महीने से फरार चल रही महिला आरोपी प्रिया गुप्ता (27) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे अशफाक नगर तिराहे के पास उस समय पकड़ा, जब वह बस अड्डे से रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को हरदोई के बेहटा गोकुल निवासी राधेश्याम मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि दीपक शुक्ला, प्रिया गुप्ता, राजेश शुक्ला और रमेश शुक्ला ने उनकी बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाया, जिसके चलते उसने अपनी जान दे दी।
एसपी सौरभ दीक्षित के निर्देश पर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक नरगेश कुमार की टीम ने महिला कांस्टेबल पवित्रा सिसोदिया के सहयोग से सुबह 11:17 बजे प्रिया गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रिया गुप्ता मूल रूप से बलिया की रहने वाली है और वर्तमान में वाराणसी जंक्शन रेलवे कॉलोनी में रह रही थी।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वर्ष 2025 में वह अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत सदर बाजार थाने से जेल जा चुकी है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
